नई दिल्ली। छतरपुर जिले में केन-बेतवा लिंक परियोजना के खिलाफ आंदोलन कर रहे प्रतिनिधिमंडल ने कांग्रेस नेता एवं नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की। दिल्ली में हुई इस मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने परियोजना से प्रभावित होने वाले क्षेत्रों, परिवारों और विशेष रूप से आदिवासी समुदाय की समस्याओं को लेकर विस्तार से चर्चा की।
प्रतिनिधिमंडल ने केन-बेतवा लिंक परियोजना से जुड़ी अपनी मांगों, विस्थापन और प्रभावित परिवारों की समस्याओं को राहुल गांधी के समक्ष रखा। राहुल गांधी ने प्रतिनिधिमंडल की बात सुनी और परियोजना से जुड़ी संभावित समस्याओं एवं उनकी मांगों पर चर्चा की।
प्रतिनिधिमंडल की ओर से बताया गया कि केन-बेतवा लिंक परियोजना के खिलाफ उनका विरोध लगातार जारी है। प्रभावित लोगों के अधिकारों और उनकी मांगों को लेकर आंदोलन के माध्यम से आवाज उठाई जा रही है।
प्रतिनिधिमंडल में किसान नेता अमित भटनागर, दिव्या अहिरवार सहित अन्य पीड़ित आदिवासी प्रतिनिधि शामिल रहे।